डीडवाना-कुचामन पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 28.57 ग्राम एमडीएमए जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी से मादक पदार्थों के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में गहन पूछताछ की जा रही है। लाडनूं थाना पुलिस की टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान लाडनूं के हाईवे रोड पर गणगौर होटल के पास एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में घूमता दिखा। संदेह होने पर पुलिस ने उसकी तलाशी ली।तलाशी में आरोपी के कब्जे से 28.57 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडीएमए बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर मादक पदार्थ जब्त कर लिया। लाडनूं पुलिस थाने में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता चल सके कि यह मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसके वितरण नेटवर्क में कौन-कौन शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिलीप विश्नोई (30) पुत्र रामप्रताप के रूप में हुई है, जो नागौर जिले के जायल थाना क्षेत्र के रोटू गांव का निवासी है। इस कार्रवाई में थानाधिकारी शिंभूदयाल, प्रोबेशनर आरपीएस ऋतु कुमारी, सहायक उप निरीक्षक पर्वत सिंह, कॉन्स्टेबल सुखाराम, शिवशंकर, मुकेश और सुरेश कुमार शामिल थे।


