भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय संरक्षक और किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल श्रीगंगानगर जिले के सादुलशहर पहुंचे हुए हैं। जहां सादुलशहर के व्यापार मंडल में किसान महासभा चल रही है। किसान नेता किसानों की अनेक समस्याओं और मांगों लेकर सभा को संबोधित कर रहे हैं। महासभा में श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिले से बड़ी संख्या में किसान पहुंचे हुए हैं। बोले- किसानों के एकजुट होने का समय आ गया जगजीत सिंह डल्लेवाल ने संबोधित करते हुए कहा- आज पंजाब पर 18 लाख करोड़ रुपए का कर्ज है, जिसका खामियाजा आम किसान भुगत रहे हैं। किसानों की मेहनत पर डाका डाला जा रहा है, लेकिन सरकारें चुप्पी साधे बैठी हैं। अब समय आ गया है कि पूरे देश के किसान एकजुट हों और अपनी आवाज बुलंद करें। कन्याकुमारी से कश्मीर तक जाएगी यात्रा साथ ही 7 फरवरी से शुरू होने वाली किसान जागृति यात्रा के बारे में भी किसानों को बताया। डल्लेवाल ने कहा- यह यात्रा कन्याकुमारी से शुरू होकर कश्मीर तक जाएगी और इसका समापन 19 मार्च को दिल्ली के रामलीला मैदान में एक विशाल किसान महापंचायत के साथ होगा। इस यात्रा के जरिए देशभर के किसानों को जागरूक करने और उनकी मांगों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का लक्ष्य है। इसके साथ ही महासभा में एमएसपी की कानूनी गारंटी, संपूर्ण कर्ज माफी, बिजली के स्मार्ट मीटरों पर रोक और सीड्स बिल को रद्द करने सहित अनेक मुद्दों को लेकर किसान नेताओं ने संबोधित किया। किसान नेता इन मांगों को लेकर केंद्र सरकार पर दबाव बनाने की रणनीति पर विचार-विमर्श कर रहे हैं।


