चूरू में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता रामलाल शर्मा ने शनिवार को केंद्रीय बजट और वीबी जीरामजी योजना पर बात की। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार पिछले 12-13 वर्षों से ‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना के साथ काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि इसी कारण देश की जनता को इस बजट से पूर्ण विश्वास और उम्मीदें हैं। उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों के बजट को “आभासी” बताया, जबकि मोदी सरकार के बजट को ‘प्रभावी, सर्वस्पर्शी और जनहितकारी’ करार दिया। शर्मा ने केंद्र सरकार की वीबी जीरामजी योजना को ग्रामीण भारत के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया, जिससे गांवों के विकास को नई गति मिली है। रामलाल शर्मा ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी को जनता के विकास से कोई सरोकार नहीं है। उनका उद्देश्य केवल देश में अराजकता का माहौल पैदा करना है। यूजीसी से जुड़े एक प्रश्न पर उन्होंने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया, क्योंकि मामला न्यायालय में विचाराधीन है। एसआईआर को लेकर कांग्रेस के विरोध पर शर्मा ने कहा कि जब परिणाम अनुकूल होते हैं तो कांग्रेस श्रेय लेती है, और प्रतिकूल होने पर संस्थाओं पर आरोप लगाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट, निर्वाचन आयोग और भारत सरकार की अनेक एजेंसियों पर उंगली उठाने का काम किया है। शर्मा ने स्पष्ट किया कि कोई गलत नाम मतदाता सूची में जुड़ नहीं सकता और सही नाम कट नहीं सकता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस यदि यह चाहे कि उनके वोट बैंक रोहिंग्या या बांग्लादेशी के नाम जुड़ें, तो वह नहीं जुड़ेंगे।


