डूंगरपुर के सुरपुर मंडल में विराट हिंदू समूह के तत्वावधान में एक विशाल हिंदू सम्मेलन आयोजित किया गया। इस सम्मेलन में आसपास के सभी ग्रामों का सहयोग रहा। कार्यक्रम की शुरुआत कलश यात्रा से हुई, जो ग्राम से प्रारंभ होकर श्रीराम मंदिर पहुंची। श्रीराम मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद कलश यात्रा पूरे ग्राम में भ्रमण करती हुई शोभायात्रा के रूप में भगवान विश्वनाथ मंदिर पहुंची। यहीं पर धर्मसभा का आयोजन किया गया। धर्मसभा में गणेश पाटीदार और विक्रम दास महाराज मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित थे। उन्होंने विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि जब तक हिंदू समाज संगठित नहीं होगा, तब तक वह विरोधी शक्तियों का निशाना बना रहेगा। वक्ताओं ने देश, राज्य, जिले और समाज की रक्षा के लिए सभी से एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने जाति-पाति और भेदभाव त्यागकर ‘एक संगत, एक पंगत’ के मंत्र को अपनाने पर जोर दिया। कार्यक्रम के समापन पर समस्त ग्रामवासियों के लिए महाप्रसाद का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के सभी वर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अंत में, ग्राम के महंत ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया और मुख्य यजमान, युवा टोली, नारी शक्ति तथा वरिष्ठजनों को सम्मानित किया।


