देश की सबसे बड़ी इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई-मेन के दूसरे सेशन अप्रैल परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया 1 फरवरी से शुरू हो रही है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की ओर से इसकी घोषणा कर दी गई है। इससे पूर्व जनवरी जेईई-मेन का सेशन 21 से 29 जनवरी के बीच हुआ, जिसमें करीब 14 लाख विद्यार्थी शामिल हुए। कॅरियर काउंसलिंग एक्सपर्ट अमित आहूजा ने बताया कि एनटीए द्वारा जारी की गई सूचना के अनुसार जेईई-मेन सेशन-2 की आवेदन प्रक्रिया एक फरवरी से प्रारंभ होगी। आवेदन की अंतिम तिथि 25 फरवरी होगी। अप्रैल सेशन के आवेदन सभी विद्यार्थियों को करना होगा, जिन्होंने पूर्व में जेईई-मेन परीक्षा दी हुई है, क्योंकि पूर्व में सेशन-1 के लिए ही आवेदन हुआ था। जनवरी सेशन की परीक्षा दे चुके विद्यार्थी अपने रजिस्टर्ड एप्लीकेशन नम्बर एवं पासवर्ड से लॉगइन कर सकेंगें। इन विद्यार्थियों को कोर्स, क्वेशचन पेपर मीडियम एवं एग्जाम शहर चुनने होंगे और फीस का भुगतान करना होगा। ऐसे विद्यार्थी जिन्होंने पूर्व में जेईई-मेन की परीक्षा नहीं दी है, उन्हें न्यू रजिस्ट्रेशन कैंडिडेट पोर्टल पर जाकर सम्पूर्ण आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करनी होगी। ऐसे में दोनों सेशन मिलाकर इस साल इतिहास में सर्वाधिक करीब 16 लाख विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होने का अनुमान है। पिछले कई वर्षों को देखते हुए सेशन-1 की परीक्षा देने वाले अधिकांश विद्यार्थी सेशन-2 की परीक्षा अवश्य देते हैं, क्योंकि दोनों सेशन की परीक्षा देने पर उच्चतम एनटीए स्कोर के आधार पर जेईई-मेन की आल इंडिया रैंक जारी की जाती है। सेशन-1 की प्रोविजनल आंसर की एवं रिकॉर्डेड रेस्पोंस 4-5 फरवरी को
आहूजा ने बताया कि एनटीए द्वारा जारी की गई एक अन्य सूचना के अनुसार जेईई-मेन सेशन-1 के विद्यार्थियों के रिकॉर्डेड रेस्पोंस, क्वेशचन पेपर और प्रोविजनल आंसर की 4 और 5 फरवरी को जारी किए जाएंगे। विद्यार्थियों को प्रोविजनल आंसर की को चैलेंज करने के लिए इन्हीं 2 दिनों का समय दिया जाएगा। 2 दिन बाद यह सभी वेबसाइट से हटा लिए जाएंगे। फाइनल आंसर-की के साथ जेईई-मेन सेशन-1 रिजल्ट 12 फरवरी को जारी होगा।


