13 जुआरी धराए, 2 लाख 10 हजार नकद और बोलेरो जब्त

गुमला|जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुमला पुलिस ने एक बड़ी और सनसनीखेज कार्रवाई को अंजाम दिया है। एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव व पुलिस इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी महेंद्र कुमार करमाली ने प्रेस वार्ता कर बताया कि शुक्रवार को देर रात करीब 12.10 बजे सूचना संकलन के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि ग्राम भरदा स्थित स्कूल के पास शिशम साहू के नवनिर्मित पक्का मकान में प्रतिदिन जुए का अवैध धंधा चलाया जाता है। सूचना के अनुसार, उस रात भी कई लोग मकान के अंदर जुआ खेल रहे थे। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल वरीय पदाधिकारी को अवगत कराया गया। उनके निर्देश पर रात्रि गश्ती दल का गठन किया गया। इसके बाद करीब 12.45 बजे पुलिस पदाधिकारी व सशस्त्र बल के साथ ग्राम भरदा पहुंची। पुलिस ने सटीक रणनीति अपनाते हुए मकान की घेराबंदी की और विधिवत छापेमारी की। अचानक हुई इस कार्रवाई से जुआरियों में अफरा-तफरी मच गई। छापेमारी के दौरान मौके से जुआ खेलते हुए कुल 13 लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने जुआ स्थल तथा गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से कुल 2,10,360 रुपए नकद, 16 पैकेट ताश और एक सफेद रंग की बोलेरो वाहन नं. जेएच 01 डी जेड-4192 बरामद की। जब्त की गई नकदी और वाहन से यह साफ हो गया कि यह कोई मामूली खेल नहीं, बल्कि संगठित तरीके से चलाया जा रहा जुए का अड्डा था। इस कार्रवाई का नेतृत्व पुलिस इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी महेंद्र कुमार करमाली, उनके साथ दाखिन बेसरा, हवलदार नामजन समद, आरक्षी समीर अंसारी, आरक्षी स्वर्ण सुदीप टोप्पो व अन्य सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से अवैध जुए के इस नेटवर्क का पर्दाफाश हो सका। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ, नशा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगी और ऐसे अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। गिरफ्तार अभियुक्तों में भरदा, पुसो, सिसई, नागफेनी सहित विभिन्न गांवों के लोग शामिल हैं। इनमें शिशम साहू, सहिंद साहू, राजन साहू, कंचन उरांव, रमेश महली, फुलवीर भगत, असनी साहू, पंकज महतो, तबरेज अंसारी, ब्रजेश साहू, रविकांत भगत, अफताब अंसारी और किरानी साहू शामिल हैं। सभी की उम्र 19 से 50 वर्ष के बीच बताई गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *