भास्कर न्यूज | जालंधर शहर की फिजा में शनिवार को एक अलग ही गूंज थी। एक ऐसी गूंज, जिसने हर भक्त के हृदय को झंकृत कर दिया। “बधाइयां जी बधाइयां, दिन खुशियां दा आया हैं…’ के मधुर भजनों और “जय गुरु देव, धन गुरु देव’ के जयकारों के बीच जब श्री गुरु रविदास महाराज जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में शोभायात्रा निकली, तो ऐसा लगा, मानो जालंधर की धरती पर साक्षात भक्ति का सागर उतर आया हो। श्री गुरु रविदास एजुकेशनल एंड चेरिटेबल ट्रस्ट समेत करीब 50 से अधिक संस्थाओं द्वारा आयोजित शोभायात्रा सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था का जीवंत स्वरूप थी। फूलों और दूधिया रोशनी से सजी पालकी साहिब में जब गुरु महाराज की भव्य प्रतिमा के दर्शन हुए, तो हजारों आंखें श्रद्धा से नम नजर आईं और हाथ खुद ही प्रार्थना में जुड़ गए। चारों तरफ बिखरी गुरु की बाणी ने पूरे माहौल को इतना पावन बना दिया कि राह चलता हर शख्स कुछ पलों के लिए ठहर कर इस रूहानी मंजर का हिस्सा बन गया। शोभायात्रा में शामिल संगत का उत्साह देखते ही बनता था। कोई नाच रहा था, तो कोई कीर्तन में लीन था। बुजुर्गों के चेहरे पर संतोष था और युवाओं के भीतर गुरु के प्रति अटूट विश्वास। जब संगत ने गाया-“गुरु ले आया सच दी बाणी, दूध दा दूध पानी दा पानी’ तो वातावरण में एक अनूठा वैराग्य और आनंद घुल गया। शोभायात्रा सतगुरु रविदास धाम से शुरू होकर शहर के प्रमुख पड़ावों- श्री गुरु रविदास चौक, डॉ. अंबेडकर चौक, भगवान वाल्मीकि चौक, श्रीराम चौक, लवकुश चौक, फगवाड़ा गेट, भगत सिंह चौक, पंजपीर चौक, अड्डा होशियारपुर, माईंहीरां गेट, पटेल चौक, बस्ती अड्डा और फुटबॉल चौक होते हुए वापस धाम पर संपन्न हुई। शोभायात्रा सुबह 11 बजे से शुरू होकर रात 10 बजे के करीब इसका समापन हुआ। इस मौके पर सतगुरु रविदास धाम में गुरु रविदास एजुकेशनल एंड चेरिटेबल ट्रस्ट के प्रधान हरदियाल बंगड़, चेयरमैन सेठ सतपाल मल, जनरल सेक्रेटरी विनोद कोल, सीनियर वाइस प्रधान राजिंदर प्रसाद, कैशियर गौरव महे, विधायक परगट सिंह, कैबिनेट मोहिंदर भगत, पूर्व विधायक राजिंदर बेरी, सुखबीर सिंह बादल, सुरिंदर कौर, विधायक लाडी शेरोवालिया, पार्षद पवन कुमार, मनोज नन्ना आदि मौजूद रहे। आज बूटा मंडी में गुरु रविदास अमृतवाणी पाठ के भोग दोपहर दो बजे डाले जाएंगे। रात 8 बजे कवि दरबार होगा। श्री गुरु रविदास महराज जी के 649वें प्रकाश पर्व के मौके पर निकाली गई शोभायात्रा में शामिल पालकी साहिब के दर्शन करने पहुंची संगत (दाएं) शोभायात्रा में भजनों पर झूमते श्रद्धालु।


