वरिष्ठ चित्रकार डॉ. मोहम्मद सलीम की सोलो एग्जीबिशन “खोज की पगडंडियां” (Trails of Discovery) का जवाहर कला केंद्र (JKK) की सुरेख आर्ट गैलेरी में शुक्रवार को आगाज हो गया। कला जगत की प्रतिष्ठित हस्तियों और कला प्रेमियों की उपस्थिति में इस प्रदर्शनी का उद्घाटन आर्ट एंड कल्चर डिपार्टमेंट के प्रमुख शासन सचिव रवि जैन, वरिष्ठ चित्रकार डॉ. विद्यासागर उपाध्याय और प्रो. शब्बीर हसन काजी ने किया। इस प्रदर्शनी में 50 से 60 अनोखी कलाकृतियां प्रदर्शित की गई हैं, जो आत्म-खोज और सृजनात्मकता की गहराइयों को दर्शाती हैं। इस कला प्रदर्शनी को प्रसिद्ध आर्टिस्ट डॉ. एन.एल. वर्मा ने क्यूरेट किया है। कला के माध्यम से आत्म-खोज की प्रस्तुति डॉ. मोहम्मद सलीम ने अपनी कला यात्रा को साझा करते हुए कहा कि मेरी कला हमेशा नई खोज की ओर बढ़ती है। यह सिर्फ रंगों और आकृतियों का मेल नहीं, बल्कि आत्म-अन्वेषण की प्रक्रिया है। मिक्स मीडिया आर्ट में बनी कलाकृतियां पारंपरिक और समकालीन कला का अनूठा संगम की तरह प्रतीत हुई। सलीम की सृजनात्मक यात्रा में कलाकार की आत्म-खोज और रंगों से संवाद की अद्भुत अभिव्यक्ति की तरह दिखाई दी। यहां 50 से 60 कलाकृतियां प्रदर्शित की गई हैं। जिनमें जीवन, भावनाएं और अनुभव चित्रों के माध्यम से उभरकर सामने आते हैं। इस अवसर पर आईएएस रवि जैन ने डॉ. सलीम की कृतियों की सराहना की और इसे जयपुर की कला संस्कृति के लिए एक महत्वपूर्ण आयोजन बताया। खोज की पगडंडियां सिर्फ एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि यह कलाकार की आत्म-खोज और सृजनात्मक ऊर्जा का उत्सव है। प्रदर्शनी 13 फरवरी 2025 तक जारी रहेगी, जहां शहर और देशभर से कलाकार और कला प्रेमी इसे देखने के लिए जुटेंगे।


