जशपुर में 36वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 का शुक्रवार को विधिवत समापन हो गया। इस अवसर पर सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने और हाइवे अपराधों पर नियंत्रण के उद्देश्य से एक हाइवे पेट्रोलिंग वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। जशपुर पुलिस द्वारा 1 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक आयोजित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना और आम नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करना था। समापन कार्यक्रम एसडीओपी जशपुर कार्यालय परिसर में आयोजित किया गया। 24 घंटे सक्रिय रहेगी हाइवे पेट्रोलिंग टीम डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह और जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार ने संयुक्त रूप से हाइवे पेट्रोलिंग वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन लोरो घाट से कुनकुरी तक 24 घंटे नियमित पेट्रोलिंग करेगा। किसी भी दुर्घटना या आपात स्थिति में पेट्रोलिंग टीम द्वारा तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों, विद्यार्थियों और अधिकारियों की सहभागिता रही। सुरक्षित ड्राइविंग पर नागरिकों और छात्राओं को दी गई जानकारी माह भर चले इस विशेष अभियान के तहत जिलेभर में विविध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। समापन समारोह में उपस्थित नागरिकों एवं छात्राओं को यातायात नियमों के पालन, सुरक्षित ड्राइविंग और सड़क सुरक्षा के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार, डीएफओ शशि कुमार, जिला परिवहन अधिकारी विजय निकुंज, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पटनवार सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जशपुर पुलिस द्वारा ‘सड़क सुरक्षा – जीवन रक्षा’ थीम पर निबंध, चित्रकला एवं स्लोगन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था। इनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को समापन समारोह में प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। नियमों के पालन से ही जीवन की सुरक्षा संभव”
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने सड़क सुरक्षा नियमों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, ओवरस्पीडिंग से बचने, नशे की हालत में वाहन न चलाने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि “सुरक्षित यातायात से ही जीवन की रक्षा संभव है, इसलिए प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह नियमों का पालन करे।” जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार एवं डीएफओ शशि कुमार ने भी सड़क सुरक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए आमजन से जागरूक, सतर्क और जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। जिलेभर में चला व्यापक जागरूकता अभियान
उल्लेखनीय है कि पूरे माह जशपुर पुलिस द्वारा हॉट बाजारों में जाकर वीडियो एवं फोटो के माध्यम से यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया। साथ ही स्कूलों एवं कॉलेजों में नुक्कड़ नाटक, हेलमेट बाइक रैली, ऑटो रैली के जरिए आम नागरिकों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया गया। एनसीसी कैडेट, स्काउट-गाइड, नेहरू युवा केंद्र के युवाओं एवं पुलिस बल ने चौक-चौराहों पर जाकर नागरिकों को यातायात नियमों की महत्ता समझाई और सुरक्षित रहने की अपील की।


