पालड़ी एम मामाजी मंदिर में पक्षी घर, चबूतरा का मुहूर्त:उमड़ा आस्था का सैलाब, देवासी समाज ने की घोड़ी स्थापना

पालड़ी एम स्थित मामाजी बावसी मंदिर प्रांगण में भजन संध्या, प्रसादी महोत्सव और भक्ति संध्या का आयोजन किया गया। इस दौरान पक्षी घर, कबूतर चबूतरा और ओडू आवाड़ा का मुहूर्त भी संपन्न हुआ, जिसमें देर रात तक आस्था का सैलाब उमड़ा रहा। सुबह से ही साधु-संतों के आगमन के साथ पूजा-अर्चना शुरू हो गई थी। करीब 11 बजे पक्षी घर, कबूतर चबूतरा और ओडू आवाड़ा का मुहूर्त किया गया। इसी अवसर पर देवासी समाज द्वारा मंदिर में घोड़ी की स्थापना भी की गई। साधु-संतों ने पूजा-अर्चना कर संस्था द्वारा निर्मित कबूतर चबूतरा, धर्मशाला, पक्षी घर और ओडू आवाड़ा का मुहूर्त किया। इस दौरान संस्था से जुड़े भामाशाह परिवार भी मौजूद रहे। ओम श्री गजानंद सेवा समिति के अध्यक्ष मंगल कुमार मीणा ने बताया कि त्रिलोकी नाथ अघोरी नरसिंह महाराज गादीपति, रामनाथ महाराज खदरा मठ, शक्ति राजू गिरी महाराज गणेश आश्रम वाण और महंत धर्मेंद्र योगी मोडासा गुजरात ने भामाशाहों का स्वागत कर आभार व्यक्त किया। पक्षी घर के लाभार्थी मंसाराम कुम्हार (कमला देवी टांक के पति) और ओडू के लाभार्थी शैतान सिंह देवड़ा व कैलाश घांची का विशेष सम्मान किया गया। मंदिर प्रांगण में भोपाजी देवाराम देवासी, प्रसादी के लाभार्थी विजय शांति आर्ट पुरण माली और मोहनलाल माली द्वारा प्रसादी का भोग लगाया गया। शाम 7 बजे तक चली महाप्रसादी में लगभग 3300 भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।
देर रात हुई भजन संध्या के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री सलाहकार संयम लोढ़ा, कुमावत महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गोपाल कुमावत, खुशाल सिंह, सुरेश सिंह राव और एनएसयूआई जिला अध्यक्ष चंपालाल तीरगर ने भी मंदिर प्रांगण पहुंचकर मामाजी महाराज के दर्शन किए। गायक कलाकार संत कन्हैयालाल कोसेलाव ने गणपति वंदना, बाबा रामदेव, बायोसा माताजी, मामाजी बावसी और गौ माता के भजनों की एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं, जिन पर भक्तों ने जमकर नृत्य किया। मंच संचालन कैलाश घांची ने किया। रात्रि में भक्ति संध्या के दौरान देवासी युवा संगठन द्वारा कबूतर चबूतरे के निर्माण में सहयोग करने वाले भामाशाहों और कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया। पूर्व विधायक ने समिति के कार्यों की सराहना करते हुए कार्यकर्ताओं और भामाशाहों का आभार प्रकट किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *