नर्मदापुरम |संत शिरोमणि श्रीरामजी बाबा मेले की तैयारियां जोरों पर है। मेले में प्रतिदिन रंगारंग कार्यक्रम होंगे। शनिवार से वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में दुकान आवंटन शुरू होगा।शुक्रवार को नपाध्यक्ष नीतू यादव, राजस्व सभापति निर्मला राय, सीएमओ हेमेश्वरी पटले, मेला प्रभारी दीक्षा तिवारी, विधायक प्रतिनिधि महेंद्र यादव, भाजपा नेता हंस राय, पूर्व मंडल अध्यक्ष रोहित गौर, पार्षदगण और नगरपालिका अधिकारी- कर्मचारी मेला स्थल पहुंचे। मेला प्रभारी ने बताया कि नपाध्यक्ष, राजस्व सभापति और सीएमओ के मार्गदर्शन में तैयारियां तेजी से चल रही हैं। योगेश सोनी ने बताया कि दुकानों का लेआउट तैयार है। शनिवार से दुकान आवंटन की प्रक्रिया शुरू होगी। नपाध्यक्ष नीतू यादव ने कहा कि नर्मदापुरम के महान संत श्रीरामजी बाबा मेले की तैयारी पूरी ताकत से हो रही है। पहले आएं, पहले पाएं के आधार पर दुकानें दी जाएंगी। मेला स्थल पर स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने नगर और बाहर के व्यापारियों को मेले में शामिल होने का आमंत्रण दिया। इस बार मेले में 450 दुकान लगेंगी।


