भास्कर न्यूज | लुधियाना मधुबन एन्क्लेव लेन-1 में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के 5वें दिन कृष्ण बाल लीला और गोवर्धन पूजा के प्रसंगों ने श्रद्धालुओं को भक्ति रस में डुबो दिया। वृंदावन से आए रमेश महाराज और श्री हरि बल्लभ जी महाराज ने अपनी मधुर वाणी से माखन चोरी, बाल कृष्ण की शरारतें और यशोदा मैया संग उनके स्नेहिल संवादों का मनोहर वर्णन किया। की सुमधुर प्रस्तुति पर भक्त झूम उठे, वहीं बाल कृष्ण की झांकी ने सबका मन मोह लिया। इसमें सबसे अच्छी झांकी श्रद्धालुओं को तब लगी जब वासुदेव बालगोपाल को जेल से लेकर यमुना के रास्ते गोकुल के नंदभवन पहुंचे। इससे पहले आयोजक परिवार ने विधिवत पूजन कर कथा का शुभारंभ किया। रमेश महाराज ने कथा में बताया कि कैसे माता यशोदा श्रीराम कथा सुनाती हैं और श्रीकृष्ण उस पर भावविभोर होकर प्रतिक्रिया देते हैं। श्री हरि बल्लभ जी महाराज ने भक्तों को भजनों की अमृतधारा से सराबोर कर दिया। कथा के अंत में प्रभु की आरती उतारी गई। 10 फरवरी को गीता पाठ और पूर्णाहुति के बाद भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे।


