भास्कर न्यूज | कवर्धा त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव2025 में कबीरधाम जिले के 2623 जनप्रतिनिधि निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। इनमें 2 जनपद सदस्य, 9 सरपंच और 2612 पंच शामिल हैं। कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी गोपाल वर्मा ने इसे लोकतंत्र की मजबूती की मिसाल बताया। उन्होंने आमजन से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी की अपील की। निर्वाचन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत झलमला और ग्राम पंचायत चचेड़ी में सरपंच सहित सभी पंच निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। जबकि ग्राम पंचायत नवघटा में सरपंच पद पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ है। खास बात ये है कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान जनपद पंचायत कवर्धा के अंतर्गत कुल 1408 वार्डों में से 769 वार्डों में पंच निर्विरोध चुने गए हैं। तीन पंचायतों से सरपंच पद के लिए और एक अन्य वार्ड में पंच पद के लिए एक भी नामांकन नहीं मिले। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के अंतर्गत कबीरधाम जिले में पंच-सरपंच, जनपद और जिला पंचायत सदस्य के लिए दो चरणों में वोटिंग होगी। जनपद पंचायत क्षेत्र कवर्धा और सहसपुर लोहारा में 17 फरवरी को वोटिंग होना है। इसी तरह जनपद पंचायत क्षेत्र बोड़ला व पंडरिया में 20 फरवरी को सुबह 7 से दोपहर 3 बजे तक वोटिंग होगी। 2046 स्थानों पर दो या उससे अधिक प्रत्याशी हैं जिले में 2046 स्थानों पर दो या दो से अधिक अभ्यर्थियों के बीच मुकाबला है। जिला पंचायत सदस्य पद के 14 सीट पर चुनाव होना है। जनपद पंचायत कवर्धा अंतर्गत जनपद सदस्य के 25, सरपंच के 102 और पंच के 637 पदों पर चुनाव होना है। इसी तरह जनपद पंचायत सहसपुर अंतर्गत जनपद सदस्य के 24, सरपंच के 93 व पंच के 458 और जनपद पंचायत बोड़ला अंतर्गत जनपद सदस्य के 25, सरपंच के 119 व पंच के 549 पद पर चुनाव होना है। फिलहाल प्रचार को लेकर सक्रियता बढ़ गई है।


