मुंडियर में ओले और किशनगंज क्षेत्र में बारिश से सर्दी बढ़ी

भास्कर न्यूज|बारां प्रदेश में पिछले दिनों सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ का असर बारां जिले में भी देखने को मिला। रविवार को जिलेभर में बादल छाए रहे और कई जगहांे पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। शाहाबाद क्षेत्र के मुंडियर में ओले गिरने से फसलों को नुकसान हुआ है। ओले गिरने के कारण गेहंू, सरसों व चना की फसलें आड़ी पड़ गई। साथ ही किशनगंज के बजरंगगढ़ समेत अन्य क्षेत्र में हल्की बारिश दर्ज की गई। बारिश के बाद वातावरण में ठिठुरन का असर बढ़ गया। जिला मुख्यालय पर दिनभर बादलों की आवाजाही से धूप-छांव का दौर चला। शाम को कुछ जगहों पर बूंदाबांदी हुई। अब जिले में सोमवार को भी हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। इसको लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। जिले में पिछले दिनों बोहत क्षेत्र में भी ओले गिरे थे। रविवार को मंुडियर में ओले गिरने के कारण भी फसलों में नुकसान का अंदेशा है। किसानों के अनुसार वर्तमान में सरसों, गेहूं व चने की फसल पकाव स्थिति में हैं। ओलों की मार से दाने झड़ने और पौधे टूटने से नुकसान का अंदेशा है। ऐसे में प्रशासन द्वारा शीघ्र सर्वे करवाकर फसल नुकसान का आकलन किया जाना चाहिए। वहीं कृषि विशेषज्ञों के अनुसार जिले में हुई बारिश से रबी की सभी फसलों को फायदा मिलेगा। इससे किसानों को फसलों में आगामी समय में कम पानी की आवश्यकता पड़ेगी। साथ ही मौसम में नमी होने से फसलों में बढ़वार भी अच्छी हो सकेगी। जिले में उत्तरी हवा का दौर थमने से रविवार को शनिवार के मुकाबले न्यूनतम तापमान में 5 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। नया सिस्टम एक्टिव होने से जारी रहेगा बारिश का दौर मौसम केंद्र निदेशक डॉ. राधेश्याम शर्मा ने बताया कि शनिवार को राज्य में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। इसके कारण बारां समेत अन्य जिलों में हल्की बारिश हो रही है। विक्षोभ सक्रिय होने से उत्तरी हवा का असर भी कम हो गया है। इसके कारण अब आगामी दिनों में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है। बारां जिले में रविवार और सोमवार को भी हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। इसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इस सिस्टम का असर 2 फरवरी तक रहने के आसार है। इसके बाद भी लगातार बैक-टू-बैक सिस्टम एक्टिव होंगे। 2 से वापस एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से बारां में भी बारिश की गतिविधियां जारी रहने के आसार है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *