भास्कर संवाददाता | राजगढ़ शहर में चल रही ट्रॉफी सीजन-1 क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन आज यानी 2 फरवरी सोमवार को होगा। 24 दिसंबर से शुरू हुई इस प्रतियोगिता में क्षेत्र की कई टीमों ने भाग लेकर खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। लगातार मैचों के बाद अब खिताब के लिए रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे, जिसे देखने बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों के पहुंचने की संभावना है। प्रतियोगिता का शुभारंभ नगरपालिका अध्यक्ष विनोद साहू, उपपुलिस अधीक्षक के.एल. बंजारे, इरशाद अली और सरोश हाशमी की उपस्थिति में हुआ था। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देना है। आज सोमवार का पहला एलिमिनेटर मुकाबला बागबान पैंथर्स और निक्कू 11 के बीच होगा। विजेता टीम सेमीफाइनल में अंशुल एवेंजर्स से भिड़ेगी। सेमीफाइनल के बाद दोपहर दो बजे फाइनल मैच खेला जाएगा। जीतने वाली टीम का सामना दीपक फाइटर टीम से होगा, जिसने अपने सभी मैच जीतकर पहले ही अंतिम दौर में जगह बना ली है।


