भास्कर न्यूज | सुकमा जिले के कलेक्टोरेट में संभागायुक्त डोमन सिंह ने सुकमा प्रवास के दौरान समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने जिले में मिशन मोड पर काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुदूर और संवेदनशील क्षेत्रों में सरकार की योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं में जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने, डॉक्टरों की रोस्टर ड्यूटी में सख्ती, एनआरसी के पूर्ण उपयोग और मातृ-शिशु कल्याण पर विशेष ध्यान देने पर जोर दिया गया। गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण और अस्पतालों में भर्ती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण गर्म भोजन व अंडा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। नियद नेल्ला नार योजना के तहत सुदूर गांवों में मोतियाबिंद मरीजों की पहचान कर त्वरित उपचार करने और सेवा एक्सप्रेस के जरिए नए समूहों को लोकस पोर्टल से जोड़कर आर्थिक सशक्तिकरण पर भी चर्चा हुई।


