भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह रविवार को रांची पहुंचे। झारखंड में चल रहे नगर निकाय के चुनावों को लेकर प्रदेश भाजपा की सोमवार को अहम बैठक होने जा रही है। इस बैठक में निकाय चुनाव में पार्टी समर्थित मेयर आैर अन्य पदों के चेहरे पर मुहर लगने की संभावना है। बैठक में रांची समेत 9 निगम क्षेत्रों में मेयर आैर अन्य प्रत्याशियों के चेहरे पर मुहर लगेगी। रांची पहुंचने के बाद अरुण सिंह ने प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह के साथ विमर्श किया। मालूम हो कि भाजपा निकाय चुनाव की घोषणा के बाद से ही इस मामले में सक्रिय हो गई है। गैर दलीय निकाय चुनाव होने के बावजूद पार्टी का यह प्रयास है कि पार्टी समर्थित उम्मीदवार ज्यादा से ज्यादा जीतकर आएं। इससे पहले भाजपा मुख्यालय में शनिवार को निकाय चुनाव को लेकर कोर कमेटी की बैठक भी हुई थी। करीब चार घंटे तक चली इस बैठक के बाद जब पार्टी नेता बैठक कक्ष से बाहर निकले तो उन्होंने बताया कि वे पार्टी के विभिन्न सांगठनिक कार्यक्रमों के संबंध में चर्चा कर रहे थे। पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने स्वीकार किया कि कोर कमेटी की बैठक में नगर निकाय चुनाव पर भी चर्चा हुई।


