भास्कर न्यूज | मनिका लातेहार जिले के मनिका थाना पुलिस ने अवैध पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो पिकअप वाहनों को जब्त किया है। इन वाहनों से 20 पशु बरामद किए गए हैं। इस कार्रवाई में पुलिस ने वाहन चालकों एवं व्यापारियों सहित कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में हिरालाल चौधरी (50) खामडीह सतबरवा, अहमद अंसारी (66), इरफान अंसारी (47), जैनुल अंसारी (40) सभी थाना लेस्लीगंज जिला पलामू, अधीन कुमार यादव (18) होटवाग, लातेहार एवं दानीश अंसारी (18 पंडरी थाना चान्हो, जिला रांची शामिल हैं। इसकी जानकारी मनिका थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास ने दी। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव को गुप्त सूचना मिली थी कि सतबरवा की ओर से दो पिकअप वाहनों में पशुओं को क्रूरता पूर्वक लोड कर अवैध रूप से लातेहार की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आलोक में सअनि कमलेश कुमार प्रसाद एवं सशस्त्र बल के सहयोग से मनिका थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नामुदाग स्थित पेट्रोल पंप के पास जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान सतबरवा की ओर से आ रहे दो पिकअप वाहन को रोका गया। तलाशी लेने पर एक पिकअप वाहन में कुल 10 बछड़े पाए गए। वहीं दूसरे में 10 पशु क्रूरता पूर्वक लदे हुए पाए गए। इस प्रकार कुल 20 पशुओं की अवैध तस्करी की जा रही थी। पुलिस द्वारा वाहन चालकों एवं उसमें सवार व्यक्तियों से संबंधित वैध कागजात की मांग की गई, लेकिन किसी प्रकार का कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया।


