राजस्थान मेडिकल एंड सेल्स रिप्रजेंटेटिव्ज यूनियन:दवा प्रतिनिधियों का जिला सम्मेलन आयोजित, श्रम संहिताओं व वर्कमैन दर्जा देने की मांग

राजस्थान मेडिकल एंड सेल्स रिप्रजेंटेटिव्ज यूनियन की जिला इकाई का जिला सम्मेलन रविवार को आयोजित किया गया। सम्मेलन में श्रम संहिताओं व वर्कमैन दर्जे सहित विभिन्न मांग की गई। साथ ही मांगे पूरी नहीं होने पर 12 फरवरी को आम हड़ताल को सफल बनाने का आह्वान किया गया। इसके अलावा नए पदाधिकारियों का चुनाव हुआ। जिला सचिव संदीप बंसल ने बताया कि सम्मेलन में केंद्र सरकार द्वारा पारित चार श्रम संहिताओं को लागू करने, सेल्स प्रमोशन एम्पलॉयी (शर्तें) अधिनियम 1976 को बहाल कर अधिक प्रभावी बनाने, सरकारी अस्पतालों एवं संस्थाओं में दवा प्रतिनिधियों के प्रवेश पर लगे प्रतिबंध को हटाने तथा औद्योगिक विवाद अधिनियम की धारा 2 (एस) में संशोधन कर सेल्स प्रमोशन कर्मचारियों को ‘वर्कमैन’ का दर्जा देने की प्रमुख मांगें उठाई गईं। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर संगठन आंदोलन को और तेज करेगा। प्रदेश सह-कोषाध्यक्ष निर्लेप मिश्रा ने अपने उद्बोधन में सरकार पर पूंजीपतियों को विभिन्न माध्यमों से लाभ पहुंचाने का आरोप लगाया। राज्य कार्यकारिणी सदस्य हरिभान सिंह ने 12 फरवरी को प्रस्तावित आम हड़ताल को सफल बनाने का आह्वान किया। कॉमरेड संदीप यादव ने संगठन की नीतियों और भविष्य की रणनीति पर प्रकाश डाला। सम्मेलन में कॉमरेड निर्दोष गुप्ता को सेवानिवृत्ति के उपलक्ष्य में सम्मानित किया गया। जिसमे आगामी साल के लिए सचिव संदीप बंसल, कोषाध्यक्ष गौरव शर्मा, सह सचिव सुनीत समाधिया, मिथुन चक्रपाती और अनुराग अरोड़ा को चुना गया। जिला सचिव संदीप बंसल और कोषाध्यक्ष गौरव शर्मा ने अपनी-अपनी वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। कार्यक्रम में विकास गोयल, शुभम फौजदार, नितिन शर्मा, शोभित शर्मा, शैलेन्द्र सिंह, कपिल शर्मा, कन्हैया, सौरभ, सोनू, श्याम, रोहित मित्तल, पृथ्वीपाल सिंह सहित 150 से अधिक दवा प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *