भिंड के अटेर थाना अंतर्गत ग्राम प्रतापपुरा स्थित देशी शराब की दुकान पर रविवार रात बैठे सेल्समैन से मुफ्त में शराब मांगने पर विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने गोली चलाकर उसकी हत्या का प्रयास कर दिया।जिसके बाद से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। दुकान पर बैठे थे सेल्समैन, तभी पहुंचे आरोपी घायल सेल्समैन की पहचान रविंद्र सिंह यादव (35 वर्ष), पुत्र रामप्रकाश सिंह यादव, निवासी ग्राम बिलाव के रूप में हुई है। वह घटना के समय प्रतापपुरा स्थित देशी शराब दुकान पर बैठा हुआ था। इसी दौरान गांव के ही दो युवक अर्पित कांकर और भूरा भदौरिया वहां पहुंचे। मुफ्त शराब मांगने पर शुरू हुई कहासुनी प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों आरोपियों ने दुकान पर पहुंचते ही रविंद्र सिंह से मुफ्त में शराब की बोतल देने की मांग की। जब सेल्समैन ने शराब के पैसे लेने की बात कही, तो दोनों युवक भड़क गए। पहले कहासुनी हुई और फिर मामला हिंसक हो गया। पिस्टल निकालकर सीधा किया फायर; दूसरी गोली फंसने से बची जान विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने पिस्टल निकाल ली और सीधे सेल्समैन पर गोली चला दी। गोली लगते ही रविंद्र सिंह यादव लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़ा। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल सेल्समैन का कहना है कि पहली गोली चलने के बाद आरोपियों की पिस्टल में दूसरी गोली फंस गई थी, जिसके कारण वे दोबारा फायर नहीं कर सके। इसी वजह से उसकी जान बच सकी। फायरिंग के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनते ही शराब दुकान और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल जिला अस्पताल भिंड पहुंचाया गया। अस्पताल में हालत गंभीर जिला अस्पताल में घायल रविंद्र सिंह यादव का इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और उसे निगरानी में रखा गया है। घटना की सूचना मिलते ही अटेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। घायल की ओर से थाने में शिकायत आवेदन दिया गया है। हत्या के प्रयास का केस दर्ज पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है। अटेर थाना पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


