खंडवा के ग्राम बड़ियाग्यासुर में रविवार दोपहर किन्नर का भेष बनाकर आए दो बदमाशों ने घर के बाहर खड़ी महिलाओं के साथ चेन स्नेचिंग की वारदात को अंजाम दे दिया। बदमाश बाइक पर सवार होकर आए थे और आधे घंटे तक गांव में घूमते रहे। पानी मांगकर बनाया भरोसा पीड़िता मनीषाबाई पति आनंदसिंह देवड़ा ने बताया कि दो लोग बाइक पर सवार होकर उनके घर के बाहर रुके। दोनों किन्नर जैसे दिख रहे थे। उन्होंने पानी मांगा और फिर घर की चौखट तक आ गए। एक व्यक्ति बाइक पर मास्क लगाकर बैठा रहा, जबकि दूसरा नीचे उतरकर बातचीत करने लगा। अनाथ आश्रम के नाम पर मांगा चंदा बातों में उलझाते हुए आरोपी ने कहा कि वे अनाथ लोगों के लिए काम करते हैं और उनका अनाथ आश्रम है, जिसके लिए चंदा चाहिए। इसी दौरान उसने कुमकुम-चावल का तिलक भी लगाया, जिससे भरोसा हो गया। इसी बीच आरोपी ने मनीषाबाई को पास बुलाया और अचानक उनके गले में झपट्टा मारकर सोने का पेंडल खींच लिया। उस वक्त आसपास कोई मौजूद नहीं था। सास के साथ भी की वारदात जब मनीषाबाई ने जोर से चिल्लाया, तो घर के अंदर बर्तन साफ कर रही उनकी सास बाहर आईं। सास ने विरोध किया, तो आरोपी ने उनके साथ भी झपटमारी की और गले से माला और मंगलसूत्र छीन लिया। पीड़िता के अनुसार बदमाश करीब आधे घंटे तक गांव में रुके रहे। गांव में प्रवेश करते ही सबसे पहला घर उनका था और उसी के बाद गांव में अन्य जगहों पर भी वारदात को अंजाम दिया गया। 70 हजार रुपए के जेवर लेकर फरार पीड़िता ने बताया कि बदमाश 16 सोने के मोतियों की दो माला, एक मंगलसूत्र, एक कंठी और एक पेंडल झपटकर ले गए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 70 हजार रुपए आंकी गई है। घटना के बाद मनीषाबाई ने थाना छैगांवमाखन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। टोल नाके के कैमरे में कैद हुए बदमाश वारदात के बाद बाइक पर सवार दोनों बदमाश इंदौर-ऐदलाबाद नेशनल हाईवे स्थित मोकलगांव टोल नाके के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए हैं। फुटेज में दोनों इंदौर की ओर जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने बाइक की नंबर प्लेट के आधार पर सर्च किया, जिसमें बदमाशों की लोकेशन इंदौर की ओर बताई जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की एक टीम इंदौर रवाना की गई है।


