टीकमगढ़ के मातृधाम छिपरी में महाशिवरात्रि महोत्सव:दिन में भागवत कथा, शाम को दिखेंगे सांस्कृतिक रंग; 14 फरवरी को लक्खा, 15 को पवनदीप देंगे प्रस्तुति

बुंदेलखंड के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मातृधाम छिपरी में इस साल महाशिवरात्रि का पर्व बेहद भव्य होने जा रहा है। यहां 9 से 15 फरवरी तक सात दिवसीय ‘महाशिवरात्रि महोत्सव’ का आयोजन किया जाएगा। इस उत्सव में देश के नामी कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम की जानकारी देने के साथ ही संत श्री रविशंकर महाराज ने सभी श्रद्धालुओं को इस महोत्सव में शामिल होने का न्यौता दिया है। मां शारदा की पहाड़ी पर होगा आयोजन यह पूरा महोत्सव छिपरी स्थित मां शारदा की पहाड़ी पर आयोजित होगा। यहां दो साल पहले ही भगवान सदाशिव की विशाल 70 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की गई है। इसी पावन स्थल पर सात दिनों तक भक्ति और संगीत की सरिता बहेगी। महोत्सव का शेड्यूल कुछ इस प्रकार रहेगा: दोपहर: प्रतिदिन श्रीमद् भागवत कथा का वाचन होगा। शाम: हर दिन अलग-अलग सांस्कृतिक और भजनों के कार्यक्रम होंगे। 15 फरवरी (महाशिवरात्रि): सुबह 6 बजे से विशेष शिवार्चन और पूजा-अर्चना की जाएगी। इन बड़े कलाकारों की होगी प्रस्तुति 14 फरवरी: मशहूर भजन गायक लखबीर सिंह लक्खा अपनी बुलंद आवाज में भजनों की अमृत वर्षा करेंगे। 15 फरवरी: इंडियन आइडल विजेता पवनदीप राजन अपनी जादुई प्रस्तुति से श्रद्धालुओं का मन मोह लेंगे। इनके अलावा महोत्सव के शुरुआती दिनों में लीलाधर रैकवार (9 फरवरी), मुस्कान प्रजापति (10 फरवरी), रवि अहिरवार (11 फरवरी), जितेंद्र चौरसिया (12 फरवरी) और कविता शर्मा (13 फरवरी) भी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। संत श्री रविशंकर महाराज ने किया लाइब्रेरी का उद्घाटन महोत्सव की तैयारियों के बीच सोमवार को संत श्री रविशंकर महाराज टीकमगढ़ पहुंचे। यहां उन्होंने ताल दरवाजा स्थित ‘आकाशी व्यास लाइब्रेरी’ का उद्घाटन किया। इसके बाद वे श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देकर छिपरी के लिए रवाना हो गए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *