गुरुद्वारा परिसर सतनाम वाहेगुरु के जाप से भक्तिमय हुआ

भास्कर न्यूज | लुधियाना ढोलेवाल चौक स्थित गुरुद्वारा शहीदां फेरूमान में सोमवार को विशेष जप-तप चौपहरा समागम का आयोजन किया गया। शहीद सिंहों की स्मृति को समर्पित इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संगत ने शिरकत कर आत्मिक शांति और गुरबाणी सिमरन का लाभ उठाया। पूरा गुरुद्वारा परिसर सतनाम वाहेगुरु के जाप और गुरबाणी की ध्वनि से भक्तिमय हो गया। समागम के दौरान संगत ने पूर्ण श्रद्धा और एकाग्रता के साथ श्री जपुजी साहिब, चौपई साहिब और श्री सुखमणि साहिब जी के सामूहिक पाठ किए। इस अवसर पर गुरुद्वारा साहिब के मुख्य सेवादार एडवोकेट बलविंदर सिंह लायलपुरी ने संगत को निहाल करते हुए कहा कि गुरबाणी का मार्ग ही मनुष्य के जीवन को सही दिशा और उद्देश्य प्रदान करता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि नाम-सिमरन से न केवल मन के विकार दूर होते हैं, बल्कि व्यक्ति के भीतर सत्य, सेवा और सहनशीलता जैसे दिव्य गुणों का विकास होता है। समागम के समापन पर सरबत दे भले की अरदास की गई, जिसके बाद गुरु का अटूट लंगर बरताया गया। इस मौके पर दविंदर कौर सोहल, तरलोचन सिंह बब्बर, अर्जुन सिंह चीमा, इंद्रजीत सिंह मक्कड़, बलजीत सिंह दुखिया और परमजीत सिंह लायलपुरी सहित शहर की कई प्रमुख हस्तियों ने गुरु घर में नतमस्तक होकर आशीर्वाद प्राप्त किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *