रिंग रोड पर अवैध रूप से यात्री बसों की पार्किंग, संचालन और ट्रैवल्स कार्यालय संचालित करने वालों के विरुद्ध शनिवार को प्रशासन ने कार्रवाई की। पिपलियाना चौराहे से लेकर जूपिटर हॉस्पिटल तक यह कार्रवाई जिला प्रशासन और परिवहन विभाग के संयुक्त अमले ने की है। बार-बार समझाइश के बाद भी ट्रैवल्स एजेंसियां द्वारा रिंग रोड पर शहर के भीतर से यात्री बसों का और ट्रेवल्स कार्यालयों का अवैध संचालन किया जा रहा था। रोड पर बसों से कर रहे थे अतिक्रमण एसडीएम प्रदीप सोनी ने बताया कि आईटी पार्क से लेकर रिंग रोड पर विभिन्न मार्गों पर तीन ईमली रोड, मूसाखेड़ी, वर्ल्ड कप चौराहा, पिपल्याहाना रोड मुख्य मार्ग पर अनाधिकृत रूप से नो पार्किंग क्षेत्र में विभिन्न टूरिस्ट बस संबंधित कार्यालयों के सामने खड़ी हुई पाई गई, जो मोटर व्हीकल एक्ट के प्रावधानों का उल्लंघन होने के साथ-साथ मुख्य मार्ग पर अवैध अतिक्रमण का मामला पाया गया। ट्रैवल्स संचालकों ने पहले की कार्रवाइयों और चेतावनियों को नजरअंदाज किया और परिवहन विभाग से बिना लाइसेंस प्राप्त किए कार्यालय का संचालन कर रोड पर बसों द्वारा अतिक्रमण लगातार किया जा रहा था। इन बसों के खिलाफ की गई कार्रवाई
रॉयल सोनी ट्रेवल्स, सुनील ट्रेवल्स,इंटरसिटी ट्रेवल्स, अशोक मनासरोवर ट्रेवल्स, राहुल ट्रेवल्स, अमर ज्योति बस सर्विस, चौहान बस, जय भावनी बस, अमलतास शताब्दी ट्रेवल्स, और हंस ट्रेवल्स की बसों और कार्यालयों के विरुद्ध कार्यवाही की गई है। मुख्य मार्ग पर खड़ी इन टूरिस्ट बसों का वीडियो बनाकर पंचनामे पर ड्रायवर-कंडक्टर और कार्यालय के कर्मचारी के हस्ताक्षर कराए गए।


