भास्कर न्यूज | चिरमिरी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डोमनहिल में अर्थशास्त्र विषय के प्रति विद्यार्थियों की रुचि बढ़ाने और व्यावहारिक ज्ञान को प्रोत्साहित करने अर्थशास्त्र क्लब का उद्घाटन समारोह संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी रामप्रकाश मिरे रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि शासकीय हाई स्कूल दुबछोला की प्राचार्य स्वाति मिश्रा, शासकीय बालक उमावि बड़ा बाजार के प्राचार्य बलविंदर सिंह और जिला नोडल परीक्षा शाखा की मनीषा तिवारी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्राचार्य रजनी सालोमन ने की। अतिथियों ने फीता काटकर अर्थशास्त्र क्लब का उद्घाटन किया। अतिथियों ने विद्यालय के राष्ट्रीय भवन, छत्तीसगढ़ भवन और भौतिकी, रसायन, जीव विज्ञान और गणित विषयों की प्रयोगशालाओं का भी अवलोकन किया और व्यवस्थाओं की सराहना की। प्राचार्य रजनी सालोमन ने कहा मार्गदर्शन विद्यार्थियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक है। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए व्याख्याता अर्थशास्त्र के. प्रफुल्ल रेड्डी के प्रयासों की सराहना की। साथ ही विद्यार्थियों को अनुशासन, नियमित अध्ययन और परीक्षा की बेहतर तैयारी के लिए प्रेरित किया। मुख्य अतिथि रामप्रकाश मिरे ने कहा इस प्रकार के क्लब विद्यार्थियों को विषय की गहराई समझने और व्यावहारिक दृष्टिकोण विकसित करने में सहायक होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर अध्ययन करने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। विशिष्ट अतिथि प्राचार्य बलविंदर सिंह ने कहा कि अब तक उन्होंने विज्ञान आधारित क्लबों के बारे में अधिक सुना था, लेकिन अर्थशास्त्र क्लब की यह पहल अत्यंत सराहनीय और नवीन है। प्राचार्य स्वाति मिश्रा ने अर्थशास्त्र विषय की बारीकियों को सरल और रुचिकर ढंग से समझने के उपाय बताए।


