बैकुंठपुर | भारतीय खेल प्राधिकरण भारत सरकार ने खेलो इंडिया प्रथम राष्ट्रीय ट्राइबल गेम्स के आयोजन की जिम्मेदारी आदिवासी बहुल राज्य छत्तीसगढ़ को सौंपी है। आयोजन को सफल बनाने खेल एवं युवा कल्याण विभाग छत्तीसगढ़ द्वारा शुभंकर ‘मोरवीर’ के साथ मशाल यात्रा का आयोजन कर रहा है। यह मशाल यात्रा मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी- भरतपुर जिले से होते हुए कोरिया जिले के बैकुंठपुर स्थित खेलो इंडिया बैडमिंटन अकादमी इंडोर स्टेडियम तलवापारा पहुंची। इस दौरान बैडमिंटन अकादमी के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों व खेल अधिकारियों ने शुभंकर मोरवीर का पुष्पमालाओं से स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान युवाओं में खेलों के प्रति विशेष उत्साह और जोश देखने को मिला। वर्तमान में सरगुजा ओलंपिक की तैयारियों के चलते युवा खिलाड़ियों में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का जुनून साफ नजर आ रहा है। खेल अधिकारियों ने बताया कि खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स आदिवासी युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर प्रदान करेंगे। कोरिया जिले में कार्यक्रम सम्पन्न होने के बाद शुभंकर मोरवीर जिला सूरजपुर के लिए रवाना हुए। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ी, प्रशिक्षक, शिक्षक व विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


