धौलपुर जिले में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। मंगलवार सुबह से ही जिले में हल्की धुंध और बादल छाए रहे, जिससे ठंडक और नमी महसूस की जा रही है। मौसम विभाग ने आने वाले घंटों में बारिश की संभावना जताई है।
पिछले एक सप्ताह से जिले में मौसम लगातार करवट ले रहा है। रुक-रुक कर बारिश और घना कोहरा लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर रहा है। अचानक बदलते मौसम से आमजन के साथ-साथ किसान भी चिंतित हैं, क्योंकि इसका फसलों पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। सुबह और शाम के समय धुंध के कारण सड़कों पर दृश्यता कम हो गई है, जिससे वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। ठंड और नमी के कारण बुजुर्गों व बच्चों में मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
लगातार बदलते मौसम से लोग अब साफ और स्थिर मौसम का इंतजार कर रहे हैं, ताकि दैनिक कार्य और खेती-किसानी सामान्य हो सके। मौसम विभाग ने नागरिकों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।


