दुनिया के सबसे अमीर इंसान इलॉन मस्क ने अपनी रॉकेट बनाने वाली कंपनी स्पेसएक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस स्टार्टअप xAI का विलय कर दिया है। अब रॉकेट और सैटेलाइट बनाने वाली कंपनी AI चैटबॉट ‘ग्रोक’ बनाने वाली कंपनी के साथ मिलकर काम करेगी। इस अधिग्रहण के बाद स्पेसएक्स अब सिर्फ अंतरिक्ष और डिफेंस की ही नहीं, बल्कि दुनिया की सबसे ताकतवर AI कंपनियों में भी शामिल हो गई है। मस्क ने कहा कि यह सिर्फ एक नया अध्याय नहीं है, बल्कि स्पेसएक्स और xAI के मिशन की एक नई किताब है। 90 लाख करोड़ रुपए पहुंची स्पेसएक्स की वैल्यूएशन धरती पर बिजली की कमी, अंतरिक्ष ही विकल्प
AI में अभी जो तरक्की हो रही है, वह जमीन पर बने बड़े डेटा सेंटर्स पर टिकी है। इन्हें चलाने के लिए बहुत ज्यादा बिजली और कूलिंग की जरूरत पड़ती है। इसका पर्यावरण पर भी असर होता है। दुनिया भर में AI के लिए बिजली की जितनी मांग है, उसे जमीन पर मौजूद समाधानों से पूरा करना संभव नहीं है। लंबे समय के हिसाब से देखें, तो स्पेस बेस्ड AI ही आगे बढ़ने का इकलौता रास्ता है। स्पेस में बनेंगे डेटा सेंटर
इलॉन मस्क ने कहा- मेरा अनुमान है कि अगले 2 से 3 साल के भीतर, AI कंप्यूटिंग करने का सबसे सस्ता तरीका अंतरिक्ष ही होगा। कम लागत की वजह से नई कंपनियां अपने AI मॉडल्स को ट्रेन करने और डेटा प्रोसेस करने में बहुत आगे निकल जाएंगी। इससे फिजिक्स को समझने और मानवता के फायदे के लिए नई तकनीकों के आविष्कार में तेजी आएगी। यह विलय ऐसे समय में हुआ है जब पिछले हफ्ते ही SpaceX ने FCC के पास आवेदन किया था। कंपनी पृथ्वी की कक्षा में 10 लाख ‘डेटा सेंटर सैटेलाइट्स’ लॉन्च करने की मंजूरी चाहती है। 9 मार्च 2023 को एलन मस्क ने बनाई थी कंपनी
xAI के बारे में पहली जानकारी अप्रैल 2023 में सामने आई थी। तब द वॉल स्ट्रीट जर्नल ने बताया था कि इलॉन मस्क ने 9 मार्च 2023 को xAI नाम की नई कंपनी बनाई है। अमेरिका के टेक्सास शहर के नेवादा में कंपनी का हेडक्वॉर्टर है और मस्क इसके एकमात्र लिस्टेड डायरेक्टर हैं। मस्क के फैमिली ऑफिस के डायरेक्टर जेरेड बिर्चेल को कंपनी का सेक्रेटरी बनाया गया है।


