भास्कर न्यूज | भरतपुर प्रदेश में पुलिस थानों की कार्यप्रणाली को बेहतर और जनमित्र बनाने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय ने नई व्यवस्था लागू की है। इसके तहत अब हर जिले के पुलिस अधीक्षक को हर दो दिन में कम से कम एक पुलिस थाने का निरीक्षण करना अनिवार्य होगा। यह व्यवस्था फरवरी माह से लागू की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार एसपी द्वारा किए जाने वाले ये निरीक्षण आकस्मिक और औचक होंगे। निरीक्षण के दौरान थानों में लंबित शिकायतों, अपराध से संबंधित कार्य, स्वागत कक्ष व परिसर की साफ-सफाई, महिला पुलिसकर्मियों के लिए मूलभूत सुविधाएं, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति और रिकॉर्ड के रख-रखाव की विस्तृत जांच की जाएगी। एसपी निरीक्षण के दौरान शिकायतों के त्वरित समाधान, अपराध नियंत्रण और अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश भी देंगे। पुलिस मुख्यालय का उद्देश्य थानों को जनसहयोगी, संवेदनशील और महिला अनुकूल बनाना है, ताकि आम नागरिकों का भरोसा पुलिस पर और मजबूत हो सके। फरवरी माह में किए गए इन सभी निरीक्षणों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी, जिसे मार्च के प्रथम सप्ताह में जयपुर स्थित पुलिस मुख्यालय को भेजा जाएगा। यह रिपोर्ट भेजने की जिम्मेदारी संबंधित पुलिस रेंज के आईजी की होगी। पुलिस मुख्यालय का मानना है कि इस पहल से थानों की कार्यसंस्कृति में सकारात्मक बदलाव आएगा और पुलिसिंग की गुणवत्ता में सुधार होगा।


