रांची से सीधे भोपाल जाने का रास्ता खुला:भोपाल-धनबाद एक्सप्रेस को सप्ताह में 3 दिन चलाने का सुझाव मंजूर, नई ट्रेन बरकाकाना, लोहरदगा होकर चलेगी

रांची और आसपास के यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। अब उन्हें भोपाल जाने के लिए सीधी ट्रेन सुविधा उपलब्ध होने की संभावना है। हाल ही में नई ट्रेन भोपाल-धनबाद एक्सप्रेस को सप्ताह में तीन दिन चलाने के सुझाव को मान लिया गया है। इस ट्रेन के लिए चंद्रपुरा, बोकारो थर्मल, रांची रोड, पतरातू, खलारी, लातेहार, डाल्टनगंज होते हुए भोपाल जाने का मार्ग प्रस्तावित है, लेकिन अब इसका मार्ग बदलकर टोरी, लोहरदगा, रांची, मेसरा और बरकाकाना किए जाने की मांग को मध्य रेलवे ने स्वीकार कर लिया है। जेडआरयूसीसी सदस्य अरुण जोशी लंबे समय से इस मार्ग पर सीधी ट्रेन सुविधा देने की मांग करते रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनके पत्र के जवाब में पश्चिम मध्य रेलवे जबलपुर ने स्पष्ट किया है कि प्रस्तावित मार्ग पर ट्रेन संचालन के सुझाव को रेलवे ने मान लिया है, जल्द ही इस पर मंत्रालय के स्तर से निर्णय लिए जाने की संभावना है। जबलपुर के उप महाप्रबंधक मनीष पटेल ने बताया कि यह निर्णय यात्रियों के हित को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। विशेषज्ञों के अनुसार, इस मार्ग परिवर्तन से रांची और आसपास के क्षेत्रों में यात्रा करने वालों को बेहतर और तेज कनेक्टिविटी मिलेगी। यात्रियों के लिए यह सुविधा रोजगार, व्यापार, शिक्षा और मेडिकल के लिए काफी मददगार साबित होगी। रांची के हजारों यात्रियों को होगी सुविधा अरुण जोशी ने दोनों रेल जोनों की सहमति मिलने से यह पहल यात्रियों के लिए सकारात्मक कदम साबित होगी और लंबे समय से मांग में रही इस सुविधा को अब वास्तविक रूप मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि इस ट्रेन के परिचालन से झारखंड और आसपास के क्षेत्रों के हजारों यात्रियों को बेहतर, सुगम और सुविधाजनक रेल संपर्क मिलेगा, जिससे व्यापार, शिक्षा और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा। वह सबकुछ जो आपके लिए जानना जरूरी है सप्ताह में तीन दिन चलेगी ट्रेन … 1. पश्चिम मध्य रेलवे के अंतर्गत इस ट्रेन का संचालन किया जाएगा। भोपाल-धनबाद एक्सप्रेस (11631/11632) सप्ताह में तीन दिन चलेगी। यह ट्रेन भोपाल से सोमवार, गुरुवार और शुक्रवार को और धनबाद से रविवार, बुधवार और शनिवार को संचालित होगी। इसका संचालन कब से शुरू होगा, इसकी घोषणा नहीं की गई है। 2. यह ट्रेन धनबाद से सुबह 7.20 बजे छूटेगी। ट्रेन में स्लीपर, जनरल और एसी तीनों श्रेणी के कोच होंगे। इसमें जनरल क्लास की 4, दिव्यांग यात्रियों के लिए एक बोगी, 5 एसी कोच, 11 स्लीपर कोच रहने की बात कही गई है। 3. अभी रांची से भोपाल के लिए सीधी ट्रेन नहीं है। भोपाल जाने के लिए दिल्ली जाना होता है या फिर बरकाकाना से जाना पड़ता है। बरकाकाना से साप्ताहिक ट्रेन हावड़ा- भोपाल वीकली ट्रेन है। कई यात्री धनबाद होकर भोपाल जाते हैं। यदि यह ट्रेन चले तो रांची व आसपास के लोगों को लाभ होगा। इधर, रांची-टोरी डबल लाइन की डीपीआर तैयार : दूरी 120 किमी. घटेगी, 3 घंटे बचेगा रांची से लोहरदगा होते हुए टोरी तक डबल लाइन परियोजना से जुड़े सर्वेक्षण कार्य पूरे कर लिए गए हैं। इसका डीपीआर तैयार है और फाइनल अप्रूवल के लिए हेडक्वार्टर में है। रेलवे के एक अधिकारी के अनुसार, रांची- टोरी डबल लाइन का निर्माण 2027 में शुरू होने की संभावना है। साथ ही, लोधमा -पिस्का रेल लाइन भी तेजी से बन रही है और इस साल पूरा होने की संभावना है। जेडआरयूसीसी सदस्य अरुण जोशी ने बताया कि डबल लाइन बनने से राउरकेला से उत्तर भारत जाने का समय लगभग ढाई से तीन घंटे कम हो जाएगा और दूरी करीब 120 किलोमीटर तक घट जाएगी। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह परियोजना न केवल यात्रियों के समय की बचत करेगी, बल्कि झारखंड और उत्तर भारत के बीच कनेक्टिविटी को भी मजबूत करेगी। इससे व्यवसाय, शिक्षा और मेडिकल यात्रा करने वालों को काफी सुविधा मिलेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *