चतरा में आयोजित होने वाले राजकीय इटखोरी महोत्सव की तैयारियों को लेकर सोमवार को एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। डीसी और जिला पर्यटन संवर्धन परिषद चतरा के अध्यक्ष रमेश घोलप की अध्यक्षता में समाहरणालय सभा कक्ष में आयोजित इस बैठक में महोत्सव के भव्य आयोजन की रूपरेखा तैयार की गई। 19 से 21 फरवरी तक चलने वाले इस महोत्सव की तैयारियों में कलाकारों के चयन, मंदिर परिसर के रंगरोगन, पेयजल व्यवस्था और साफ-सफाई जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। डीसी ने पिछले वर्षों के आयोजन का जायजा लेते हुए इस वर्ष भी महोत्सव को भव्य रूप देने का आश्वासन दिया। बैठक में एसपी विकास कुमार पांडेय, सिमरिया विधायक उज्ज्वल दास, जिला परिषद उपाध्यक्ष ब्रिज किशोर तिवारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा उप विकास आयुक्त अमरेंद्र कुमार सिन्हा, अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, सिमरिया और चतरा के अनुमंडल पदाधिकारी क्रमशः सन्नी राज और जहूर आलम भी उपस्थित थे। मंदिर प्रबंधन समिति और न्यास बोर्ड के सदस्यों की भी सक्रिय भागीदारी रही। प्रशासन ने सभी संबंधित पक्षों से महोत्सव के सफल आयोजन में सहयोग की अपील की है।


