रोड निर्माण में वाइब्रेटर मशीन नहीं लगाने पर संवेदक को लगी फटकार

भास्कर न्यूज | कथारा सीसीएल कथारा क्षेत्र के द्वारा कैपिटल फंड के लगभग 9 करोड़ रुपए की लागत से कथारा छिलका पुल से सीसीएल गोविंदपुर कोलियरी तक बन रहे पीसीसी पथ (कंक्रीट सड़क) कार्य का निरीक्षण क्षेत्र के एसओसी संजय कुमार सिंह अपनी टीम के साथ निरंतर कर रहे हैं। इस निरीक्षण के दौरान उनके साथ प्रोजेक्ट इंजीनियर मोहम्मद फिरदौस एवं सर्वेयर कृष्ण मोहन शामिल हैं। एसओसी संजय कुमार सिंह ने निरीक्षण के क्रम में कंक्रीट सड़क के एक हिस्से पर वाइब्रेटर मशीन का उपयोग नहीं किए जाने पर लगभग 10 फीट सड़क को तुड़वा दी और उसे पुनः ढलाई करने का आदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क निर्माण के कार्य में किसी भी हालत में गुणवत्ता के साथ समझौता नहीं होने दिया जाएगा। बुधवार को निर्माण स्थल पर पहुंचे एसओसी ने संवेदकों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि अगर लापरवाही बरती गई तो कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों की देखरेख एवं उपस्थिति में गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य पूरा कराया जा रहा है। वहीं ठेकेदार ने कहा कि अधिकारियों के दिशा निर्देश एवं गुणवत्ता के साथ सड़क निर्माण का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी तरह की कोई लापरवाही नहीं बरती जाएगी और सड़क निर्माण का कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाएगा। ज्ञात हो कि उक्त सड़क लगभग 20 वर्षों से जर्जर स्थिति में थी। जिसके कारण गोमिया, स्वांग, हजारी, साड़म सहित आसपास के गांवों व कॉलोनी के लोगों को बोकारो थर्मल आने जाने में करीब 4 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती थी। जो अब लोगों को राहत होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *