भास्कर न्यूज| नवांशहर पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ जीवन शैली के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से अंतरराष्ट्रीय स्वयंसेवक समूह एएसईजेड डब्ल्यूएओ ने बुधवार को सरकारी आईटीआई नवांशहर में अपने ग्रीन अर्थ अभियान की शुरुआत की। एएसईजेड डब्ल्यूएओ, जो वर्ल्ड मिशन सोसाइटी चर्च ऑफ गॉड का एक युवा कामकाजी स्वयंसेवक समूह है, दुनिया भर में पर्यावरण की रक्षा और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सुरक्षित भविष्य बनाने के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे आयोजित किया गया, जिसमें एएसईजेड डब्ल्यूएओ के स्वयंसेवकों ने विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में अपनाई जा सकने वाली 11 सरल लेकिन प्रभावी आदतों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि छोटे-छोटे व्यक्तिगत कदम मिलकर पर्यावरण में बड़ा बदलाव ला सकते हैं। इस सत्र में आईटीआई के लगभग 100 छात्रों और ”एएसईजेड डब्ल्यूएओ” के 50 सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस पहल में नगर कौंसिल ने भी दस्ताने, मास्क और कचरा बैग जैसी आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराकर अपना सहयोग दिया। इस मौके पर सरकारी आईटीआई नवांशहर के प्रिंसिपल ओमकार ने स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि एएसईजेड डब्ल्यूएओ द्वारा किया गया कार्य बहुत शानदार है, इससे विद्यार्थियों में जागरुकता पैदा होगी। समाज के लिए इस तरह की गतिविधियां बेहद जरूरी हैं।


