1.03 करोड़ से बनेंगी शहर की सड़कें, विधायक ने रखा नींव पत्थर

भास्कर न्यूज | फाजिल्का पंजाब सरकार राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में विधायक नरिंदरपाल सिंह सवना ने आज शहर की दो महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण कार्य का नींव पत्थर रखा। “स्पेशल असिस्टेंस टू स्टेट्स फॉर कैपिटल इन्वेस्टमेंट’ योजना के तहत गौशाला रोड से अनाज मंडी तक जाने वाले मार्ग तक 31.55 लाख रुपए और डैढ़ हाउस रोड के लिए 72 लाख रुपए की राशि जारी की गई है। नींव पत्थर रखने के अवसर पर विधायक सवना ने बताया कि इन सड़कों की हालत पिछले कई वर्षों से काफी खस्ता थी, जिसके कारण स्थानीय निवासियों और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने कहा कि बब्बर स्वीट्स से गौशाला रोड का निर्माण इंटरलॉकिंग टाइल्स के साथ किया जा रहा है। साथ ही, उन्होंने स्थानीय लोगों की 150 फीट लंबी सीवरेज पाइप की मांग पर भी विचार करने का आश्वासन दिया। विधायक ने उम्मीद जताई कि ये सड़कें अगले दो महीनों के भीतर बनकर तैयार हो जाएंगी, जिससे शहर की सुंदरता बढ़ेगी और आवागमन सुगम होगा। हल्के के विकास कार्यों पर चर्चा करते हुए विधायक नरिंदरपाल सिंह सवना ने कहा कि वह फाजिल्का की समस्याओं को लेकर लगातार मुख्यमंत्री के संपर्क में हैं। उन्होंने घोषणा की कि शहर को सीवरेज की समस्या से निजात दिलाने के लिए जल्द ही लगभग 6 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत करवाई जाएगी। उन्होंने तेजा रूहेला पुल का उदाहरण देते हुए कहा कि सरकार ने आते ही 8.5 करोड़ की लागत से इस पुल का निर्माण पूरा करवाया, जिससे सीमावर्ती गांवों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई है। विधायक ने स्पष्ट किया कि पंजाब सरकार के पास फंड की कोई कमी नहीं है और हल्के में सभी विकास कार्य बिना किसी पार्टीबाजी या भेदभाव के करवाए जा रहे हैं। उन्होंने हल्का निवासियों से अपील की कि यदि उन्हें विकास कार्यों या अन्य किसी प्रकार की समस्या है, तो वे बेझिझक उन्हें बताएं ताकि उनका तुरंत समाधान किया जा सके। विधायक ने दोहराया कि उनका मुख्य लक्ष्य फाजिल्का को विकास के मामले में अग्रणी बनाना है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *