भास्कर न्यूज | फिरोजपुर शहर के किले वाला चौक के निकट झाड़ियों से मंगलवार को एक (40) व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। मृतक की पहचान मल्लांवाला निवासी रघु के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच और परिजनों के बयानों के अनुसार युवक की मौत नशे की ओवरडोज के कारण हुई प्रतीत हो रही है। मृतक के जीजा रजिंदर कुमार ने बताया कि रघु 23 जनवरी को बसंत पंचमी का त्योहार मनाने के लिए फिरोजपुर आया था। अगले दिन वह वापस अपने घर मल्लांवाला के लिए निकला था, लेकिन वहां नहीं पहुंचा। काफी तलाश करने और पुलिस को सूचित करने के बावजूद रघु का कोई सुराग नहीं मिल सका था। 10 दिनों तक परिवार उसकी राह देखता रहा, लेकिन मंगलवार को उसकी मौत की खबर ने परिवार में कोहराम मचा दिया। किले वाला चौक के पास झाड़ियों में शव मिलने की सूचना तब मिली जब कुछ स्थानीय महिलाएं वहां लकड़ियां काटने पहुंची थी। झाड़ियों के बीच शव देख कर महिलाएं डर गईं और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना सिटी पुलिस और मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे, जहां रघु के रूप में शव की पहचान की गई। परिजनों ने स्वीकार किया कि रघु नशे का आदी था और टीके लगाता था, जिसके चलते आशंका जताई जा रही है कि नशे की अधिक मात्रा लेने से सड़क किनारे झाड़ियों में ही उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कश्मीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। उन्होंने कहा कि हालांकि परिजन नशे की बात कह रहे हैं, लेकिन मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। फिलहाल पुलिस ने धारा 174 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।


