जालंधर | लम्मा पिंड चौक के पास स्थित नगर निगम की मशीनरी रिपेयर वर्कशॉप की दीवार बुधवार सुबह गिरी हुई पाई गई। वर्कशॉप के आसपास रेत और बजरी का कारोबार होता है, जहां दीवार के साथ ही रेत-बजरी के बड़े-बड़े ढेर लगे हुए थे। आशंका जताई जा रही है कि स्टोरेज के दौरान किसी भारी वाहन के टकराने से दीवार गिर गई। यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब एक दिन पहले ही नगर निगम परिसर के भीतर खड़े वाहनों की 17 बैटरियां चोरी होने का मामला उजागर हुआ था। दीवार गिरने के बाद वर्कशॉप में खड़ी मशीनरी की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। मुलाजिम नेता शम्मी लूथर ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि वर्कशॉप में खड़ी मशीनरी और वाहनों की सुरक्षा अब और भी चुनौतीपूर्ण हो गई है। वहीं, वर्कशॉप के आसपास भारी वाहनों की अवैध पार्किंग पहले से ही समस्या बनी हुई है। दीवार टूटने के बाद अब निगम के सामने बैटरियों और अन्य कीमती उपकरणों को चोरों से सुरक्षित रखने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।


