भास्कर न्यूज | फाजिल्का परमपिता परमेश्वर की असीम कृपा एवं गुरुदेव साधु राम शास्त्री के पावन आशीर्वाद से श्री सनातन धर्म संस्कृत महाविद्यालय में वैदिक परंपरा के अनुसार यज्ञोपवीत संस्कार का आयोजन श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ किया गया। इस पावन अवसर पर दीपक, देवकीनंदन, दिनेश, सुमित, नवदीप एवं नरेश इन छह बालकों का विधिवत यज्ञोपवीत संस्कार संपन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चारण, हवन एवं शास्त्रोक्त विधियों के साथ संस्कार की सभी क्रियाएं पूर्ण की गईं, जिससे संपूर्ण वातावरण आध्यात्मिक एवं भक्तिमय बना रहा। विद्यालय की प्रिंसिपल रामस्वरूप शास्त्री ने यज्ञोपवीत संस्कार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह संस्कार बालक के जीवन में संस्कार, अनुशासन, ज्ञान और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी बालकों के उज्ज्वल भविष्य एवं सफल जीवन की कामना की। इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार, परिजन एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण के साथ हुआ।


