भास्कर न्यूज | पटियाला पंजाब पावर सेक्टर की खाली जमीनों को बेचने, स्टेट सेक्टर के अधीन 800 मेगावाट कैपेसिटी के 2 अति आधुनिक तकनीक के रोपड़ में थर्मल प्लांट लगाने और बिजली संशोधन एक्ट 2025 को रद्द करवाने की मांग को लेकर बुधवार को प्रदेशभर से हजारों बिजली कर्मचारी, पेंशनर्स और इंजीनियर ने माल रोड पर पावरकॉम हेड ऑफिस के आगे धरना लगाया। हजारों कर्मचारियों के एक साथ सड़क पर बैठने से शहर में ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई। कर्मचारियों ने माल रोड पर शेरांवाला गेट पर और फव्वारा चौक पर बैरिकेडिंग और ईंटें रखकर रास्ते बंद कर दिए। दोनों तरफ से रास्ते बंद होने के बाद श्री काली माता मंदिर से लीला भवन, संगरूर रोड की तरफ जाने वाली ट्रैफिक को बारांदरी से होकर और भाषा विभाग रोड से ट्रैफिक डायवर्ट किया गया। इस वजह से लाहौरी गेट, टीबी हॉस्पिटल रोड, भाषा विभाग रोड, इंप्रूवमेंट ट्रस्ट ऑफिस रोड से लेकर अपर माल तक और दूसरी तरफ लीला भवन से बड़ी बारादरी, पीपीसीबी ऑफिस, कृषि विभाग रोड पर पूरी तरह से ट्रैफिक जाम रहा। वाहन चालक और लोग करीब 4 घंटे तक ट्रैफिक जाम में फंसते रहे। कर्मचारियों के प्रदर्शन की वजह से ट्रैफिक पुलिस ने फव्वारा चौक पर से ही ट्रैफिक को दूसरे रूट पर डायवर्ट करना शुरू कर दिया था। सुबह 11 से यह प्रदर्शन शुरू हो गया था। दोपहर 12 बजे ट्रैफिक जाम लगना शुरू हो गया, जो शाम प्रदर्शन खत्म होने 4 बजे तक ऐसे ही रहा। मांगों को लेकर पावर सेक्टर ज्वाइंट एक्शन कमेटी का किया। कमेटी ने एलान किया है कि 12 फरवरी को देशव्यापी हड़ताल की जाएगी। सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास कर 4 मांगों को रखा है। पहला 4 नए लेबर कोड को रद्द करना, दूसरा ट्रेड यूनियन के खिलाफ सीजेआई की तरफ से हाल ही में की टिप्पणी वापस लेना, तीसरा बिजली निगमन में डिग्री/डिप्लोमा अप्रेंटिसशिप धारकों को नौकरी में पहल देना और चौथा बिजली निगम में आउटसोर्स मीटर रीडर और कर्मचारी के लिए प्लानिंग करना शामिल है। सुबह करीब साढ़े 11 बजे राजिंदा अस्पताल से एक गंभीर मरीज को लेकर एक एंबुलेंस पीजीआई चंडीगढ़ के लिए जा रही थी, लेकिन जब माल रोड और शहर के अंदरूनी सारे रास्तों पर भारी ट्रैफिक जाम मिला, तो एंबुलेंस सवार माल रोड पर धरने के बीच ही गाड़ी ले आया। प्रदर्शनकारियों को जब पता चला तो सभी ने सड़क से एकदम उठकर साइड देकर एंबुलेंस को पहले रास्ता देकर निकाला।


