भास्कर न्यूज। रोपड़ गणतंत्र दिवस परेड 2026 में भाग लेने वाले कैडेटों को सम्मानित करने के उद्देश्य से पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ के एनसीसी के एडिशनल डायरेक्टोरेट जनरल (एडीजी) मेजर जनरल भरत मथानी ने एनसीसी अकैडमी रोपड़ का दौरा किया। यह समारोह गणतंत्र दिवस कैंप 2026 में राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान (रनर्स-अप ट्रॉफी) हासिल करने वाले कैडेटों तथा विशेष रूप से पटियाला ग्रुप की ऐतिहासिक जीत के सम्मान में करवाया। मेजर जनरल भरत मथानी ने पटियाला ग्रुप की सफलता पर गर्व व्यक्त करते ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर एचएस संधू, समूचे पीआई स्टाफ और सभी कैडेट्स को बधाई दी। सभी के सामूहिक प्रयासों और टीमवर्क के कारण ही पटियाला ग्रुप ‘ओवरऑल बैनर’ जीतने में सफल रहा है। स्वर्ण और रजत पदकों के साथ-साथ थल सेना प्रमुख का प्रशंसा पत्र प्राप्त होना यह साबित करता है कि कैडेटों की सिखलाई और अनुशासन सेना के उच्चतम मानकों के अनुरूप है। पटियाला ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर एचएस संधू ने बताया कि सभी डायरेक्टोरेट ग्रुपों के बीच कड़े मुकाबले में पटियाला ग्रुप ने ‘ओवरऑल बैनर’ जीतकर फर्स्ट रहा। इस वर्ष पटियाला ग्रुप ने 02 स्वर्ण पदक, 01 रजत पदक और 01 चीफ ऑफ द आर्मी स्टाफ प्रशंसापत्र हासिल किया। इस दौरान चंडीगढ़ की कैडेट आर्याता आहूजा और महिक ठाकुर को देश की ‘सर्वश्रेष्ठ नेवल कैडेट’ घोषित किए जाने पर मेजर जनरल भरत मथानी ने विशेष रूप से सम्मानित किया।


