संगरूर | प्राथमिक हेल्थ सेंटर कोहरियां के अधीन आते विभिन्न सेहत केंद्रों पर विश्व कैंसर दिवस पर लोगों को कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान अलग-अलग जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से आम जनता को कैंसर के लक्षणों, कारणों और बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। सीनियर मेडिकल अफसर डॉ. बलजिंदर कौर काहलों ने कहा कि कैंसर से डरने की बजाय समय रहते जागरूक होना अधिक जरूरी है। उन्होंने बताया कि यदि कैंसर की पहचान प्रारंभिक अवस्था में हो जाए तो इसका इलाज संभव है। उन्होंने लोगों से अपील की कि शरीर में किसी भी प्रकार की गांठ, लंबे समय तक खांसी, आवाज में बदलाव, वजन कम होना या भूख न लगने जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत सरकारी अस्पताल में जांच करवाई जाए। डॉ. काहलों ने महिलाओं को स्तन कैंसर और गर्भाशय कैंसर के प्रति विशेष रूप से सतर्क रहने की सलाह दी। ब्लॉक एजुकेटर नरिंदर पाल सिंह ने बताया कि इस अवसर पर मरीजों और उनके परिजनों को जागरूकता पंफलेट भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में वीर सिंह, गुरविंदर सिंह, अमृतपाल कौर, मनजीत कौर, सतगुर सिंह आदि उपस्थित थे।


