वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय (वीएमओयू), कोटा ने जनवरी 2026 सत्र के लिए प्रवेश की अंतिम तिथि 15 फरवरी तक बढ़ा दी है। पहले यह तिथि 31 जनवरी निर्धारित थी।
यह जानकारी अध्ययन केंद्र राजकीय बांगड़ महाविद्यालय, डीडवाना की प्राचार्य एवं मुख्य समन्वयक डॉ. मनीषा गोदारा ने दी। डॉ. गोदारा ने बताया कि विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इच्छुक अभ्यर्थी अब विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कार्यक्रमों में प्रवेश ले सकेंगे। विश्वविद्यालय का एआईसीटीई व यूजीसी से मान्यता प्राप्त दो वर्षीय एमबीए पाठ्यक्रम भी प्रवेश के लिए उपलब्ध है। राजस्थान सरकार की दूरस्थ बालिका शिक्षा योजना के तहत छात्राओं और महिलाओं को विश्वविद्यालय के किसी भी पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने पर शुल्क वापसी का प्रावधान है, जिससे वे निःशुल्क शिक्षा प्राप्त कर सकती हैं। इसके अतिरिक्त, एससी/एसटी वर्ग के विद्यार्थियों को समाज कल्याण विभाग की योजनाओं के माध्यम से शुल्क वापसी की सुविधा मिलेगी। विश्वविद्यालय ऑनलाइन पाठ्य सामग्री का विकल्प चुनने पर 15 प्रतिशत शुल्क छूट भी दे रहा है।


