बिलासपुर में नगरीय निगम चुनाव के मद्देनजर पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी पर कार्रवाई की। इस दौरान पिछले दो दिन के भीतर 42 केस दर्ज किए गए। जिसमें 43 लोगों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से 4 हजार 805 लीटर शराब जब्त किया गया है। एसपी रजनेश सिंह ने नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय चुनाव को देखते हुए सभी थाना प्रभारियों को सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं, जिसमें अवैध शराब का कारोबार करने वालों पर भी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। जिसके बादसभी थानों के टीआई के नेतृत्व में टीम तैयार कर छापेमारी की गई। इस दौरान सिविल लाइन थाना क्षेत्र में 3 मामले में 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से 108 लीटर शराब जब्त की गई। इसी तरह सिटी कोतवाली क्षेत्र में 7 प्रकरणों में 8 को गिरफ्तार कर 162 लीटर शराब बरामद की गई। सरकंडा से 15 केस बने। यहां 15 आरोपियों से 1768 लीटर, चकरभाठा से 6 प्रकरणों में 6 आरोपियों से 250 लीटर, कोटा से 11 प्रकरणों में 11 आरोपियों से 2517 लीटर शराब जब्त किया गया। इस दौरान 42 मामले में 43 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। अवैध शराब के कारोबार में महिलाएं पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान कई महिलाएं अवैध शराब का धंधा करते पकड़ी गई है। ग्रामीण इलाकों में महिलाओं ने महुआ शराब बेचने का धंधा शुरू कर दिया है। इस कार्रवाई से पहले पुलिस ने महिलाओं को समझाइश भी दी थी। लेकिन, पैसा कमाने के लालच में उन्होंने पुलिस की चेतावनी को भी नजरअंदाज कर दिया। एसपी बोले- अवैध शराब पर जारी रहेगी कार्रवाई एसपी रजनेश सिंह ने कहा कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश जारी कर चुनाव के बाद भी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं। ताकि, अवैध कारोबार में शामिल लोगों की धरपकड़ की जा सके और अवैध शराब की बिक्री पर प्रतिबंध लग सके।


