बेनूर| ग्राम पंचायत बेनूर के साप्ताहिक बाजार स्थल के समीप बने शेड और बसस्टैंड क्षेत्र में कचरापेटी की व्यवस्था नहीं होने से गंदगी फैल रही है। बाजार के दौरान दुकानदारों और आम लोगों द्वारा कूड़ा इधर-उधर फेंक दिया जाता है, जिसे बाद में उसी स्थान पर जला भी दिया जाता है। इससे पूरे क्षेत्र में गंदगी के साथ धुएं का फैलाव हो रहा है, जिससे राहगीरों, यात्रियों और आसपास के दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बसस्टैंड और बाजार जैसे सार्वजनिक स्थान पर कचरापेटी न होना पंचायत की लापरवाही को दर्शाता है। ग्रामीणों ने पंचायतकर्मियों से मांग की है कि बसस्टैंड और बाजार स्थल के पास तत्काल कचरापेटी की व्यवस्था कराई जाए, ताकि साफ-सफाई बनी रहे और लोगों को गंदगी व धुएं से राहत मिल सके। – राजकुमार बघेल, बेनूर


