फसल की अवैध सिंचाई, उड़नदस्ता ने 4 गांवों में 13 मोटर पंप जब्त किए

भास्कर न्यूज़ | बेमेतरा जिले में गहराते पेयजल और निस्तारी संकट के बीच शिवनाथ नदी से अवैध सिंचाई करने वालों के खिलाफ जल संसाधन विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। ग्राम ताकम में बिना अनुमति नदी से मोटर पंप लगाकर फसल सिंचाई करते हुए विभागीय उड़नदस्ता टीम ने 7, पाथरपूंजी से 2, सिंवार से 1, सलधा से 3 समेत कुल 13 मोटर पंप जब्त किए हैं। जानकारी के अनुसार जिला प्रशासन द्वारा ग्रीष्मकालीन धान फसल के स्थान पर कम पानी वाली वैकल्पिक फसलों की खेती के लिए किसानों को लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके बावजूद कुछ किसानों द्वारा सिंचाई वाली धान फसल की खेती की जा रही है और बिना किसी शासकीय अनुमति के शिवनाथ नदी से मोटर पंप के माध्यम से खेतों में पानी खींचा जा रहा था। जल संसाधन विभाग के मुख्य कार्यपालन अभियंता सीएस शिवहरे ने बताया कि अब तक जिले में अवैध रूप से सिंचाई करते हुए 20 से अधिक मोटर पंप जब्त किए जा चुके हैं। शिवनाथ नदी का पानी मुख्य रूप से पेयजल एवं निस्तारी के लिए आरक्षित है, जिसका उपयोग बिना अनुमति सिंचाई कार्य में करना नियमों के विरुद्ध है। बताया कि पूर्व में भी नदी किनारे स्थित गांवों के किसानों से अपील की गई थी कि वे बिना अनुमति मोटर पंप लगाकर सिंचाई न करें, इसके बावजूद नियमों की अनदेखी की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *