भास्कर न्यूज़ | बेमेतरा ग्रामीण क्षेत्रों में आवास और रोजगार से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से सरकार ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं वीबीजी रामजी योजना को गति देने के लिए अब प्रत्येक माह की 7 तारीख को ग्राम पंचायत स्तर पर रोजगार दिवस के साथ-साथ आवास दिवस मनाया जाएगा। इसी क्रम में 7 फरवरी को जिले की सभी ग्राम पंचायतों में यह विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। आवास दिवस का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण समुदायों को प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रावधानों, पात्रता, लाभ और प्रक्रियाओं की जानकारी देना है, ताकि कोई भी पात्र परिवार योजना से वंचित न रहे। कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों की समस्याओं को सुनकर उनका त्वरित समाधान करने, आवास निर्माण में आ रही बाधाओं को दूर करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। शासन का लक्ष्य है कि आवास दिवस के माध्यम से प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति को तेज किया जाए, जिससे अधिक से अधिक ग्रामीण परिवारों को समय पर सुरक्षित, टिकाऊ और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराया जा सके। निर्माण कार्यों की निगरानी मजबूत होगी और अधूरे अथवा लंबित आवासों को शीघ्र पूर्ण करने में मदद मिलेगी। योजना से पारदर्शिता के साथ ही जवाबदेही भी बढ़ जाएगी अधिकारियों ने बताया कि हर माह ग्राम पंचायत स्तर पर आवास दिवस मनाने से योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और जवाबदेही भी बढ़ेगी। इससे लाभार्थियों को अपनी समस्याएं सीधे रखने का मंच मिलेगा, वहीं प्रशासनिक स्तर पर निगरानी सुदृढ़ होगी, जिससे अनावश्यक विलंब और अनियमितताओं पर अंकुश लगेगा। रोजगार एवं आवास दिवस की यह पहल ग्रामीण जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक सार्थक कदम है। इससे न केवल आवास योजनाओं को मजबूती मिलेगी, बल्कि ग्रामीणों में जागरूकता बढ़ेगी और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में भी यह कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


