बेमेतरा| शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुंरा में कक्षा 12वीं के छात्र-छात्राओं के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को आगामी बोर्ड परीक्षाओं एवं भविष्य के लिए प्रेरित करना रहा। समारोह की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई, जिसके बाद विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। पूरे कार्यक्रम में भावनात्मक माहौल के साथ उत्साह और अपनत्व देखने को मिला। प्राचार्य जगजीवन राम साहू ने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए अनुशासन, निरंतर परिश्रम और सकारात्मक सोच अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। आयोजन में व्याख्याता डेलू राम खरे, प्रदीप बंजारे, रोहित देवांगन, रामकुमार धृतलहरे, चंद्रशेखर कौशिक, देवेंद्र कलार, बिरेंद्र राठौर, खिलावन शर्मा, बैजनाथ टंडन, संजय बंजारे, अर्चना बड़ा आदि मौजूद थे।


