भास्कर न्यूज | रायगढ़ अघोर गुरु पीठ ब्रह्मनिष्ठालय बनोरा की मुख्य शाखा के तत्वाधान में ग्राम बनोरा स्थित आश्रम परिसर में रविवार 8 फरवरी को 28वां विशाल निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। यह शिविर पूज्य बाबा प्रियदर्शी राम के निर्देशन में आयोजित हो रहा है, जिनके मार्गदर्शन में स्वास्थ्य सेवाएं निरंतर जारी हैं। गत माह ग्राम डभरा में आयोजित शिविर में 5676 मरीजों ने स्वास्थ्य लाभ लिया था। आगामी शिविर में मरीजों को निशुल्क जांच के साथ दवाओं का भी वितरण किया जाएगा। शिविर में जिले व आसपास के गांवों से आने वाले मरीजों का पंजीयन सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक किया जाएगा, जबकि स्वास्थ्य परीक्षण सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। शिविर में हृदय रोग, स्त्री रोग, शिशु रोग, अस्थि रोग, थायरॉयड व कैंसर, जनरल सर्जरी, नेत्र, नाक-कान-गला, दंत, चर्म, एलर्जी-दमा-टीबी, जनरल मेडिसिन एवं फिजियोथैरेपी से जुड़े अनुभवी व विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों की जांच कर उचित परामर्श देंगे। शिविर में हृदय रोग के लिए डॉ. प्रकाश कुमार मिश्रा, डॉ. अजय कुमार गुप्ता, डॉ. मनीष बेरीवाल व डॉ. जितेंद्र कुमार नायक, स्त्री रोग के लिए डॉ. सुचित्रा त्रिपाठी, डॉ. मधु दुबे, डॉ. मालती राजवंशी, डॉ. विभा हरिप्रिया, डॉ. मेनका पटेल, डॉ. भारती पटेल व डॉ. स्वाति मिश्रा सहित अन्य विशेषज्ञ सेवाएं देंगे। इसके अलावा सिटी पैथोलैब रायगढ़ द्वारा पैथोलॉजी जांच, हृदय रोग के लिए ईसीजी जांच और डेंटल एक्स-रे की सुविधा भी निशुल्क उपलब्ध रहेगी।


