भास्कर न्यूज | एडू धरमजयगढ़ वनमंडल के सिसरिंगा, तेजपुर स्थित लालमाटी और बोरो रेंज के जंगलों में कोयला माफिया बेखौफ होकर पोकलेन मशीनों से खुदाई कर रहे है। यह अवैध गतिविधि राजस्व और वन विभाग की जमीन पर खुलेआम संचालित हो रही है। जानकारी के अनुसार बोरो और लालमाटी के घने जंगलों में भारी मशीनों की आवाज गूंज रही है। माफियाओं ने जंगल के भीतर गहरी खदानें खोदकर कोयला निकालना शुरू कर दिया है। प्रशासन की नजरों से दूर यह अवैध कारोबार लंबे समय से चल रहा है। अवैध उत्खनन से शासन को करोड़ों रुपये का राजस्व नुकसान हो रहा है और वन संपदा तथा पर्यावरण को भी गंभीर क्षति पहुंच रही है। जंगल में मशीनों की आवाजाही से वन्यजीवों का प्राकृतिक आवास भी प्रभावित हो रहा है। हाल ही में घरघोड़ा थाना क्षेत्र में अवैध कोयला परिवहन करते हुए एक ट्रेलर पकड़ा गया। जांच में पता चला कि ट्रेलर में लदा कोयला धरमजयगढ़ के जंगलों से निकाला गया था। इस घटना ने यह आशंका और मजबूत कर दी कि क्षेत्र में कोयला माफिया का बड़ा गिरोह सक्रिय है। स्थानीय वन अधिकारियों और ग्रामीणों का कहना है कि माफिया के इस खुले अवैध उत्खनन से न केवल पर्यावरण संकट गहरा रहा है, बल्कि आम जनता और वन्यजीवों के लिए भी खतरा बढ़ रहा है।


