भास्कर न्यूज | लुधियाना शहर में सुबह-सुबह सनसनीखेज वारदात सामने आई है। न्यू शिमलापुरी इलाके में अखबार लेने जा रहे समाचार पत्र विक्रेता 67 वर्षीय बुजुर्ग पर बाइक सवार दो नकाबपोश युवकों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने मोबाइल फोन और नकदी लूटने के साथ-साथ बुजुर्ग को गंभीर रूप से घायल कर दिया। खून से लथपथ हालत में छोड़कर हमलावर फरार हो गए। पीड़ित के बेटे अखिल ने बताया कि उसके पिता विनोद रोज की तरह सुबह करीब 5 बजे एक्टिवा पर घंंटा घर से अखबार लेने जा रहे थे। जब वह शिवपुरी चौक के पास पहुंचे तो मोटरसाइकिल पर सवार दो नकाबपोश युवकों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। खतरा भांपते हुए विनोद ने एक गुजर रही ट्रॉली के पीछे बचाव करने की कोशिश की और आगे निकल गए। अखिल के अनुसार, कुछ ही दूरी पर दरेसी इलाके में टूटियां वाले मंदिर के पास वही युवक फिर सामने आ गए और रास्ता रोक लिया। इससे पहले कि विनोद कुछ समझ पाते, आरोपियों ने उन्हें धक्का देकर स्कूटर से गिरा दिया। इसके बाद बदमाशों ने लातों से मारपीट की और तेजधार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। जब विनोद बेहोश हो गए तो आरोपी उनकी जेब से करीब 4 हजार रुपए और मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद घायल हालत में पड़े विनोद ने राहगीर की मदद से अपने परिवार को सूचना दी। परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और उन्हें इलाज के लिए डीएमसी अस्पताल भर्ती करवाया, जहां डॉक्टरों ने उनका ऑपरेशन किया। परिवार ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सजा दिलाई जा सके। इलाके में दहशत का माहौल है।


