सिटी रिपोर्टर । रांची इंटरमीडिएट की साइंस और कॉमर्स संकाय के छात्रों ने गुरुवार को गणित विषय की परीक्षा दी। परीक्षा दोपहर 2 बजे शुरू हुई और शाम 5.15 बजे तक चली। बोर्ड की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, मैट्रिक की होम साइंस की परीक्षा में 99.3 प्रतिशत परीक्षार्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई, जबकि इंटर परीक्षा में 99.34 प्रतिशत छात्र उपस्थित रहे। परीक्षा देकर केंद्रों से बाहर निकले छात्रों ने बताया कि प्रश्न पत्र आसान था। अधिकतर सवाल किताब से ही पूछे गए थे और कॉलेजों में पहले से सभी प्रश्नों की अच्छी तरह प्रैक्टिस कराई गई थी, जिससे परीक्षा देने में किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। अब तक की हुई परीक्षाओं में विद्यार्थियों को कुछ खास परेशानी नहीं हुई। छात्रों में परीक्षा को लेकर संतोष देखा गया। बोर्ड के कार्यक्रम के अनुसार, 6 फरवरी को इंटर कला संकाय के छात्र इकोनॉमिक्स विषय की परीक्षा देंगे। वहीं, मैट्रिक के छात्र उर्दू, बांग्ला और उड़िया विषय की परीक्षा में शामिल होंगे। गणित विषय की परीक्षा में इस बार जो ट्रेंड था, उससे हटकर सवाल पूछे गए। मैक्सिमा और मिनिमा चैप्टर से हर बार न्यूमेरिकल सवाल ही पूछे जाते थे, लेकिन इस बार वर्ड प्रॉब्लम पूछा गया। जो छात्र सिर्फ न्यूमेरिकल की तैयारी करके गए होंगे, उन्हें परेशानी हुई होगी। प्रश्न पत्र में यह बदलाव जरूरी और अच्छा है, इससे बच्चें सिर्फ प्रश्नों पर ही नहीं बल्कि पूरे चैप्टर पर ध्यान देंगे। जैक की ओर से जारी सैंपल पेपर से भी कई सवाल पूछे गए थे। कह सकते है कि बैलेंस सवाल पूछा गया था। डॉ इम्तियाज अली, शिक्षक , संत जेवियर्स


